कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से मिली सफलता – UPSC में चयनित युवाओं को प्रशासन ने किया सम्मानित
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट अम्बेडकरनगर अनुपम शुक्ला ने पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में UPSC सिविल सेवा परीक्षा–2025 में जनपद का नाम रोशन करने वाले सफल अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों को माल्यार्पण कर, अंगवस्त्र, मोमेंटो तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा पुरू दुबे (रैंक–86) पुत्र श्री संजय दुबे, निवासी ग्राम महरुआ, तहसील भीटी तथा विपिन देव यादव (रैंक–316, हिंदी माध्यम) पुत्र श्री राजाराम यादव, निवासी ग्राम एकडल्ला, पोस्ट हुसैनपुर गिरंट, तहसील टांडा, जनपद अम्बेडकरनगर को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही उनके साथ उपस्थित परिजनों को भी माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान दोनों नवचयनित अभ्यर्थियों ने अपनी सफलता की प्रेरक यात्रा, कठिन परिश्रम, संघर्ष तथा अध्ययन के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन एवं निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। इस दौरान जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अभ्यर्थियों के प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए अपने अनुभव साझा किए तथा युवाओं को लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि यह उपलब्धि न केवल अभ्यर्थियों एवं उनके परिवार के लिए गौरव का विषय है, बल्कि पूरे जनपद के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि आप सभी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और आपकी सफलता से जनपद के अन्य प्रतिभाशाली छात्र भी उच्च लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित होंगे।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रंजीत सिंह तथा ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह ने भी नवचयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा अपने अनुभवों के माध्यम से युवाओं को मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर पुरू दुबे के चाचा ने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि पुरू दुबे आईआईटी बीएचयू से सिविल इंजीनियरिंग में बी–टेक के गोल्ड मेडलिस्ट रहे हैं तथा अपनी शैक्षणिक यात्रा के दौरान सदैव उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त करते रहे हैं।
वहीं विपिन देव यादव ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अपने गांव एकडल्ला से प्राप्त की, हाई स्कूल इंटर की परीक्षा एसएसबी इंटर कॉलेज अयोध्या से प्राप्त की तथा आगे चलकर इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने बताया कि वे समाज कल्याण विभाग की अभ्युदय योजना के अंतर्गत संचालित कोचिंग संस्थान, लखनऊ में शैक्षणिक गतिविधियों/मेंटर के रूप में जुड़े रहे।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए अनिल कुमार सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।