देवल संवाददाता, मऊ। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को सुदृढ़ करने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव एवं भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य द्वारा जनपद की नवचयनित 13 आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं 899 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने सभी नवनियुक्त सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सरकार की योजनाओं और आम जनता के बीच की सबसे मजबूत कड़ी हैं। बच्चों के शुरुआती विकास, पोषण और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी आपके कंधों पर है। आशा है कि आप पूरी निष्ठा के साथ एक स्वस्थ समाज के निर्माण में अपना योगदान देंगी।मुख्य विकास अधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं बाल विकास परियोजना अधिकारियों को नवनियुक्त कर्मियों को शीघ्र ही विभागीय कार्यों और तकनीकी पोषण ट्रैकर ऐप आदि के प्रशिक्षण हेतु निर्देशित किया।भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने केंद्र व राज्य सरकार की मंशा स्पष्ट करते हुए कहा कि पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों को अवसर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश का अंतिम पायदान पर खड़ा व्यक्ति भी मुख्यधारा से जुड़ रहा है। इन नियुक्तियों से ग्रामीण स्तर पर बाल विकास सेवाओं को नई गति मिलेगी।जिलाध्यक्ष द्वारा सभी लाभार्थियों के चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में महिलाओं को रोजगार मिलने से महिला स्वावलंबन को बल मिलेगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने बताया कि शेष अभ्यर्थियों को विकास खण्डवार / परियोजनावार नियुक्ति पत्र चयनित अभ्यर्थियों की सूची विकास भवन मऊ तथा सभी विकास खंड कार्यालय एवं सीडीपीओ कार्यालय के सूचना पट्ट पर चस्पा है। मूल अभिलेख सत्यापन में उपस्थित अभ्यर्थी अपना रिजल्ट 31 मार्च 2026 को जाकर देख लें।उन्होंने बताया कि विकास खंड घोसी,दोहरीघाट,बड़रांव,परदहां एवं कोपागंज का नियुक्ति पत्र का वितरण 01 अप्रैल को,रतनपुरा, शहर एवं मोहम्मदाबाद गोहना का 02 अप्रैल को तथा रानीपुर एवं फतेहपुर मण्डाव का नियुक्ति पत्र 04 अप्रैल 2026 को प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 तक चयनित अभ्यर्थी ही निर्धारित तिथि पर नियुक्ति पत्र लेने जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय विकास भवन में आकर प्राप्त करेंगे।उक्त अवसर पर जिला उद्यान अधिकारी संदीप गुप्ता,जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुज कुमार,जिला कृषि अधिकारी सोम प्रकाश गुप्ता,समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित भारी संख्या में चयनित लाभार्थी उपस्थित रहे।
