टी20 विश्व कप 2026 में खराब प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान टीम बांग्लादेश के दौरे पर पहुंची। ढाका के शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच पहला वनडे मैच खेला जा रहा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर को बांग्लादेश के तेज गेंदबाज Nahid Rana ने दिन में तारे दिखा दिए।
नाहिद ने खोला पंजा
नाहिद राणा ने अपने वनडे करियर का बेस्ट प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट चटकाए। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम को टॉप ऑर्डर ने अच्छी शुरुआत दी। साहिबजादा फरहान और माज सदाकत ने पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। इसके बाद 25 रन के भीतर पाकिस्तान ने 5 विकेट गंवा दिए। खास बात यह है कि सभी 5 विकेट नाहिद राणा ने चटकाए।
टॉप ऑर्डर को बनाया शिकार
10वें ओवर की आखिरी गेंद पर नाहिद राण ने साहिबजादा (27) को अफीफ हुसैन के हाथों कैच आउट कराया। 12वां ओवर करने आए नाहिद ने शमील हुसैन (4) का शिकार किया। 14वें ओवर में उन्होंने माज सदाकत (18) और 16वें ओवर में विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान (10) को लिटन दास के हाथों कैच आउट कराया। 18वें ओवर में बांग्लादेशी पेसर ने सलमान अली आगा (5) को पवेलियन भेजा।