देवल संवाददाता, लखनऊ।कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि देश यह तय नहीं कर पा रहा है कि तेल किससे खरीदना है। यह अमेरिका तय कर रहा है। चावल, सोया और कपास भी उनका आएगा तो हमारे किसान का क्या होगा। नरेंद्र पूरी तरह सरेंडर हो गए हैं। अमेरिका से ऐसी डील की जिससे किसान का नुकसान और आम आदमी का नुकसान है।
कांग्रेस 13 मार्च को कांशीराम जयंती पर राजधानी में कार्यक्रम आयोजित कर रही है। सामाजिक परिवर्तन दिवस के रूप में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी नेता राहुल गांधी शामिल होंगे। करोड़ों खर्च कर उनकी छवि को भाजपा ने खराब करने का प्रयास किया किंतु उन्होंने जो बात कही वो सब सही साबित हो रही है। पार्टी शिक्षा और रोजगार आदि के मुद्दे पर संघर्ष करेगी। यूपी में कांग्रेस विकल्प बनेगी। गांव- गांव में संविधान पर चर्चा शुरू हो गई है। कांग्रेस कमजोर हुई तो ठेकेदारी प्रथा बढ़ी है। स्कूल बंद हो रहे हैं। पढ़ाई महंगी हो गई है। देश, प्रदेश में कांग्रेस की जरूरत है।
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि महान लोग किसी जाति या धर्म के नहीं होते हैं। हम बहन जी का भी सम्मान करते हैं। कांशीराम की जयंती पर किसी पार्टी या किसी नेता का ही अधिकार कैसे हो सकता है। हम, हमारी पार्टी कांशीराम की विचारधारा पर काम कर रही हैं। राहुल गांधी ईडी, सीबीआई और मुकदमे से बिना डरे लड़ रहे हैं। यह सामाजिक परिवर्तन की लड़ाई है। उनके विचारों को हम गांव-गांव तक ले जाएंगे। कांग्रेस सरकार में बच्चे वजीफे से पढ़ाई करके आगे बढ़ जाते थे। इंजीनियर, डॉक्टर बन गए। इस सरकार ने वह भी खत्म कर दिया। वहीं, अनिल जयहिंद ने कहा कि आज राहुल गांधी सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं। जाति जनगणना की मांग कर रहे हैं। हर वर्ग को उसकी हिस्सेदारी की मांग कर रहे हैं। ज्यादातर राजनीतिक दल डरे हुए हैं। अकेले राहुल गांधी लड़ रहे हैं।
दलितों पर हो रहा अत्याचार
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि सरकार दलितों पर अत्याचार कर रही है। भदोही में एक व्यक्ति को जिंदा जला दिया गया है। पूर्व विधायक के नेतृत्व में हमारा प्रतिनिधिमंडल गया है। सरकार गरीबी नहीं गरीबों को मिटाना चाह रही है।