देवल संवाददाता, गोरखपुर ।खाड़ी देशों में युद्ध के कारण जिले में गैस सिलिंडर की आपूर्ति प्रभावित हो गई है। इसको लेकर सिलिंडर की कालाबाजारी शुरू हो गई है। बुधवार को कालाबाजारी पर दो गैस एजेंसी सील किया गया। यह गैस एजेंसियां ब्लैक में सिलिंडर बेच रही थी। इनके यहां आपूर्ति विभाग ने छापा मार कर स्टॉक में अंतर पाए जाने पर सील कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात पीपीगंज में स्थित आशीष गैस एजेंसी की एक गाड़ी से नौसड़ में घरेलू गैस की कालाबाजारी करते हुए महंगे दाम में सिलिंडर ब्लैक 1500 रुपये में बेच रहा था। सूचना पर आपूर्ति विभाग की ओर से जांच की गई जहां सिलिंडर की गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया।
इसके बाद बुधवार को पीपीगंज स्थित आशीष गैस एजेंसी पर जाकर मौके पर स्टाॅक चेक किया गया जिसमें अंतर पाया गया और एजेंसी को सील कर दिया गया। वहीं नौसड़ मेंं कन्हैया गैस एजेंसी की लापरवाही भी सामने आई। एजेंसी वालों ने गोदाम से सिलिंडर की डिलिवरी न करके अलग स्थान से उपभोक्ताओं को बुलाकर गैस दे रहा था।
इस एजेंसी की जांच की गई, इसके बाद अवमानना व स्टॉक में गड़बड़ी पर इसे सील कर दिया गया। जिला पूर्ति अधिकारी रामेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दो गैस एजेंसी को सील किया गया है। स्टॉक में गड़बड़ी व कालाबाजारी की जा रही थी। इन दोनों एजेंसी के ग्राहकों को निकटम गैस एजेंसी से अटैच कर गैस सिलिंडर की आपूर्ति दी जा रही है।