देवल, ब्यूरो चीफ,डाला, सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के कोटा ग्राम पंचायत के अम्मा टोला में शनिवार की देर रात शॉर्ट सर्किट से चाय-पान की गुमटी में लगी आग से गैस सिलेंडर फट गया। इस हादसे में गंभीर रूप से झुलसे चार लोगों को उपचार के लिए चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार शनिवार की रात करीब डेढ़ बजे गुमटी में बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग की चपेट में आकर गुमटी में रखा गैस सिलेंडर ब्लास्ट कर गया। तेज आवाज के साथ सिलेंडर ब्लास्ट होने से आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में कमलापति केवट उम्र 40 वर्ष पुत्र शिवशंकर, शुभम उम्र 12 वर्ष पुत्र रामप्रसाद, शम्भावती उम्र 48 वर्ष पत्नी रामप्रसाद और बसंत उम्र 42 वर्ष पुत्र रामबली झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को उपचार के लिए चोपन अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने कमलापति केवट की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, अन्य तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
.jpeg)