देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। सोनांचल में रविवार को हर्षोल्लास के साथ अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इससे पूर्व लखनऊ से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का सीधा सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।
महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, एनआरएलएम, पुलिस विभाग, बाल विकास तथा महिला कल्याण विभाग से चयनित पांच-पांच महिलाओं को प्रशस्ति पत्र और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं और प्रयासों की जानकारी दी। उपस्थित लोगों ने उनके विचारों को ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक भूपेश चौबे मौजूद रहे। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद, जिला भाजपा महिला अध्यक्ष पुष्पा सिंह, भाजपा महिला संगठन अध्यक्ष प्रमिला त्रिपाठी तथा मीनू चौबे ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी अतिथियों ने अपने संबोधन में महिलाओं की समाज में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और परिश्रम के दम पर नई ऊंचाइयों को हासिल कर रही हैं। इस दौरान विभिन्न विभागों से चयनित महिलाओं को मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। सम्मानित महिलाओं ने कहा कि इस तरह का सम्मान उन्हें अपने कार्यक्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ काम करने के लिए प्रेरित करता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, खंड शिक्षा अधिकारी रॉबर्ट्सगंज महेंद्र कुमार मौर्य, सीडीपीओ शहर हरिमोहन तथा वन स्टॉप सेंटर की दीपिका सिंह का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।
.jpeg)