आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र स्थित चौकिया धाम में दर्शन करने आए एक किशोर की सोमवार को पोखरे में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से किशोर को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रतापगढ़ जिले के दीवानगंज पट्टी निवासी कमलदीप कश्यप (15 वर्ष) पुत्र संतोष कश्यप अपने दो दोस्तों कमलदीप और अमित के साथ चौकिया माता के दर्शन करने जौनपुर आया था। दर्शन करने के बाद तीनों दोस्त चौकिया स्थित पोखरे पर स्नान करने लगे। इसी दौरान अचानक कमलदीप गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
किशोर को डूबता देख उसके साथियों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पोखरे में उतरकर उसे बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद किशोर को पानी से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल जौनपुर पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही लाइन बाजार थाना पुलिस अस्पताल पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।