आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जौनपुर तहफ़्फ़ुज़-ए-कब्रिस्तान कमेटी व पंजतनी कमेटी के पदाधिकारियों ने सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह को जिलाधिकारी के नाम संयुक्त ज्ञापन सौंपकर कब्रिस्तान और इमामबाड़े में हुई तोड़फोड़ की घटनाओं की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि विगत 4 मार्च को होली के दिन कोतवाली थाना क्षेत्र के भंडारी रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित कदम रसूल छोटी लाइन इमामबाड़े में कुछ अराजक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया गया था। इसके साथ ही इमामबाड़े के पूरब दिशा में लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मानेपुर स्थित कब्रिस्तान में भी शहीद बाबा की कब्रों को अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया।
कमेटी के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि पूरे प्रकरण की पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम से निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा कब्रिस्तान की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था की जाए। साथ ही घटना में शामिल अराजक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
इस संबंध में सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल ने लाइन बाजार थानाध्यक्ष सतीश सिंह को भी प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज करने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने छोटी लाइन इमामबाड़ा प्रकरण में कोतवाली पुलिस द्वारा तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने पर जिला प्रशासन और पुलिस के प्रति आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मानेपुर कब्रिस्तान में हुई तोड़फोड़ की घटना की भी गंभीरता से जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाए।
इस दौरान कमेटी के अध्यक्ष शाहिद मेहदी, कब्रिस्तान कमेटी के महासचिव सरदार हुसैन बबलू, मेहंदी रज़ा एडवोकेट, नेहाल हैदर, कैफ़ी रिजवी, हसनैन कमर (दीपू) सहित अन्य लोग मौजूद रहे।