देवल, ब्यूरो चीफ,शक्तिनगर, सोनभद्र। शक्तिनगर क्षेत्र का मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। खड़िया बाजार चौराहे के पास सड़क जगह-जगह गहरे गड्डों में तब्दील हो चुकी है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। रविवार को भी एक बाइक सवार गहरे गड्ढे में फंसकर गिर पड़ा और घायल हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और बीच चौराहे पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इसी मार्ग से भारी वाहनों द्वारा एनसीएल
का कोयला परिवहन लगातार किया जाता है, जिससे सड़क की हालत दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। धूल और गड्डों के कारण राहगीरों के साथ ही आसपास के दुकानदारों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इसी रास्ते से प्रतिदिन स्कूली बच्चे, बाइक सवार और आम नागरिक गुजरते हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की दयनीय स्थिति के बावजूद संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारी अब तक मौन बने हुए हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी।
.jpeg)