देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। विकास खंड म्योरपुर के ग्राम पंचायत खैराही निवासी 96 वर्षीय सावित्री देवी आज भी गौ सेवा में पूरे समर्पण के साथ जुटी हुई हैं। द्वितीय विश्व युद्ध के सैनिक की पत्नी सावित्री देवी पिछले लगभग 50 वर्षों से गौ पालन और गौ सेवा कर रही हैं। उम्र के इस पड़ाव पर भी उनका उत्साह और जज्बा लोगों के लिए प्रेरणा बना हुआ है।
सावित्री देवी बताती हैं कि वह प्रतिदिन सुबह पांच बजे उठकर नित्य कार्य के बाद सुबह और शाम दोनों समय गौ सेवा में लग जाती हैं। उनका कहना है कि इंसान को जीवन में कभी हार नहीं माननी चाहिए, चाहे परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों। उनका मानना है कि गौ सेवा से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है। वह बताती हैं कि गौ सेवा करने से उन्हें दो बड़े लाभ मिलते हैं, एक शारीरिक और दूसरा मानसिक। उनका मानना है कि यदि हर व्यक्ति गौ सेवा को अपनाए तो जीवन की कई परेशानियां स्वतः दूर हो सकती हैं। सावित्री देवी के अनुसार गौ माता के भीतर 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास माना जाता है और गोबर का प्रकृति से गहरा संबंध होता है, जिससे पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है। आज के दौर में जहां लोग बढ़ती उम्र में अपने स्वास्थ्य को संभालने में भी कठिनाई महसूस करते हैं, वहीं 96 वर्ष की उम्र में भी सावित्री देवी सक्रिय और स्वस्थ हैं। वह अपना अधिकांश समय गौ सेवा में ही बिताती हैं और लोगों को अच्छे कर्म करने की प्रेरणा देती हैं। उनका कहना है कि इंसान एक दिन इस दुनिया से चला जाता है, लेकिन उसके अच्छे-बुरे कर्म समाज में हमेशा याद किए जाते हैं।
.jpeg)