देवल, ब्यूरो चीफ,डाला, सोनभद्र। बिल्ली-मारकुंडी क्षेत्र के कोठाटोला में खनन गतिविधियों के कारण किसानों की परेशानी बढ़ती जा रही है। स्थानीय किसानों का आरोप है कि क्षेत्र में संचालित दो खदानों से निकलने वाली मिट्टी नाले में डालकर उसका प्राकृतिक रास्ता पाट दिया गया है, जिससे अब नाले का पानी खेतों में भर रहा है और खेती करना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार नाले का मार्ग बंद होने से पानी का बहाव बदल गया है और अब वह खेतों से होकर गुजर रहा है। इससे खेतों में लगातार जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे फसलें खराब हो रही हैं और किसानों की आजीविका पर संकट मंडरा रहा है। कोठाटोला निवासी एक महिला किसान ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार खनन पट्टेदारों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। किसानों का कहना है कि खनन के कारण उनके खेत धीरे-धीरे तालाब में तब्दील होते जा रहे हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और नाले को खनन पट्टेदारों के कब्जे व अतिक्रमण से मुक्त कराकर उसके प्राकृतिक मार्ग को बहाल कराया जाए, ताकि किसानों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
.jpeg)