देवल, ब्यूरो चीफ,अनपरा, सोनभद्र। स्थानीय थाना पुलिस ने अंग्रेजी शराब की दुकान में हुई चोरी की घटना का 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से चोरी की स्वैप मशीन और नगद धनराशि भी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार काशी मोड़ के पास स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान से स्वैप मशीन, नगद धनराशि और शराब की बोतल चोरी हो गई थी। घटना में करीब 1.30 लाख रुपए मूल्य के सामान की चोरी बताई गई थी। इस मामले में थाना अनपरा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पांडेय के पर्यवेक्षण में अनपरा पुलिस ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर अनपरा कॉलोनी के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वीरेन्द्र प्रताप चौहान उम्र 33 वर्ष पुत्र स्व. गामा प्रसाद निवासी अनपरा कालोनी थाना अनपरा के रूप में हुई है, जिसका स्थायी पता गोपालगंज (बिहार) बताया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अनपरा तापीय परियोजना में कार्यरत है, लेकिन वर्तमान में निलंबित चल रहा है। नशे की लत और कर्ज के कारण उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उसने यह भी बताया कि चोरी की गई शराब वह पी चुका है तथा कुछ नगद धनराशि खर्च कर चुका है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक स्वैप मशीन (ओएसिस कंपनी) और नगद धनराशि बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी भी की गई है।
.jpeg)