आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद में निराश्रित गोवंश एवं अन्य पशुओं के संरक्षण और उनके समुचित भरण-पोषण को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिले के किसानों, समाजसेवियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से गौशालाओं के लिए अधिक से अधिक भूसा दान करने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की विभिन्न गौशालाओं में बड़ी संख्या में निराश्रित गोवंश संरक्षित हैं, जिनके लिए वर्षभर पर्याप्त चारे की व्यवस्था करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी भूसा संग्रहण अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी गौशाला में चारे की कमी न होने पाए।
उन्होंने किसानों से विशेष रूप से आग्रह किया कि वे अपनी फसल से प्राप्त भूसे का कुछ हिस्सा गौशालाओं के लिए दान करें। इससे न केवल पशुओं के संरक्षण में मदद मिलेगी, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन भी होगा। जिलाधिकारी ने कहा कि पशुओं के लिए चारा उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें जनभागीदारी बेहद जरूरी है।
इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को भी निर्देशित किया है। उन्होंने उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी तथा पशु चिकित्सा अधिकारियों को भूसा संग्रहण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और एकत्रित भूसे को शीघ्रता से गौशालाओं तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
अंत में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लें और अधिक से अधिक भूसा दान कर गौसेवा में अपना योगदान दें, जिससे निराश्रित पशुओं को बेहतर संरक्षण और पोषण मिल सके।
.jpeg)