आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद के ऐतिहासिक शाही पुल क्षेत्र को और अधिक आकर्षक व सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने शाही पुल के समीप स्थित मंदिरों में प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आवास एवं विकास परिषद द्वारा तैयार किए गए सौंदर्यीकरण प्रस्ताव की विस्तृत जानकारी अधिशासी अभियंता प्रीति विश्वकर्मा से ली। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता, डिजाइन और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का सौंदर्यीकरण इस तरह किया जाए कि वहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि शाही पुल क्षेत्र जनपद की पहचान है, इसलिए इसके विकास में गुणवत्ता और सौंदर्य दोनों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी पवन कुमार को नगर क्षेत्र, शाही पुल तथा गोमती घाट पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रहने से क्षेत्र की सुंदरता और भी बढ़ेगी तथा लोगों को बेहतर वातावरण मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
