आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध जौनपुर, गाजीपुर और मऊ जनपद के कॉलेजों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रबंधक महासंघ के पदाधिकारियों ने लखनऊ में प्रदेश के उच्च शिक्षामंत्री योगेंद्र उपाध्याय से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान प्रबंधकों ने कॉलेजों से जुड़े मुद्दों को विस्तार से रखते हुए एक ज्ञापन भी सौंपा।
प्रबंधक महासंघ के पदाधिकारियों ने मंत्री को अवगत कराया कि विश्वविद्यालय स्तर पर कॉलेजों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। मानकों के नाम पर अनावश्यक दबाव बनाया जाता है, जिससे संस्थानों के संचालन में कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कई निर्णय ऐसे हैं जिनका सीधा आर्थिक और प्रशासनिक भार कॉलेजों पर पड़ता है।
महासंघ के अध्यक्ष डॉ. दिनेश तिवारी, संरक्षक अशोक दुबे तथा मऊ के प्रबंधक राजेश राय सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रमुख मांगों में परीक्षा शुल्क वृद्धि का भार कॉलेजों पर न डालने, शिक्षक अनुमोदन प्रक्रिया को सरल बनाने तथा चार विशेषज्ञों की जगह दो विशेषज्ञों से अनुमोदन की व्यवस्था लागू करने की बात रखी। इसके अलावा कॉलेजों से संबंधित अन्य आधा दर्जन समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
उच्च शिक्षामंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए प्रबंधकों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर शीघ्र विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संबंधित मुद्दों पर विश्वविद्यालय से पत्राचार कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि कॉलेजों की समस्याओं का जल्द समाधान हो सके।
