आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मियापुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास बुधवार को दबंगों द्वारा की गई बेरहमी से पिटाई में एक वृद्ध की मौत हो गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि मृतक के परिवार में मातम छा गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मियापुर प्राथमिक विद्यालय के पास रहने वाले 55 वर्षीय ललई यादव को कुछ दबंगों ने किसी बात को लेकर घेर लिया और जमकर मारपीट कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने वृद्ध को इतनी बेरहमी से पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही अचेत हो गए।
घटना के दौरान वृद्ध की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने किसी तरह उन्हें हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया और आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही लाइन बाजार थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
इस घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोगों में भी घटना को लेकर आक्रोश और शोक का माहौल है।
हालांकि अभी तक मारपीट की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है तथा तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।