आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित भंडारी रेलवे स्टेशन के पीछे क़दम रसूल छोटी लाइन इमामबाड़े में बुधवार को कुछ अराजक तत्वों द्वारा ताला तोड़कर अंदर घुसने और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को होली का पर्व मनाया जा रहा था। इसी दौरान सुनसान स्थान का फायदा उठाकर कुछ अज्ञात अराजक तत्व इमामबाड़े के पीछे के गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। अंदर पहुंचकर उन्होंने वहां रखे सामान के साथ तोड़फोड़ की और परिसर को नुकसान पहुंचाया।
घटना की जानकारी मिलते ही पंजतनी कमेटी के अध्यक्ष शाहिद मेहदी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस के साथ कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मौके पर शहर कोतवाल वी.पी. सिंह, सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता, सीओ सदर देवेश कुमार और सीओ मड़ियाहूं परमानंद कुशवाहा सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे क्षेत्र का जायजा लिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए देर रात फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का कार्य शुरू किया। इसके साथ ही एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
घटना की सूचना फैलते ही सैकड़ों की संख्या में लोग इमामबाड़े के पास एकत्र हो गए। मौके पर शहर के कई गणमान्य लोग और धार्मिक नेता भी पहुंचे। शिया धर्मगुरु एवं जामा मस्जिद के पेश इमाम मौलाना महफूज़ुल हसन खान, मौलाना सफदर हुसैन ज़ैदी, मौलाना फैज़ले मुमताज और मौलाना मेराज हैदर खान सहित अन्य लोगों ने जिला प्रशासन से इस घटना की शिकायत कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस को तहरीर प्राप्त हो गई है और मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अवांछित स्थिति उत्पन्न न हो।