आमिर, देवल ब्यूरो ,खुटहन, जौनपुर। थाना क्षेत्र के ईश्वरपुर स्थित सलहदीपुर गांव में होली के दिन एक दर्दनाक घटना सामने आई। पत्नी के मायके से वापस न आने से आहत एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के छोटे भाई ने थाने में तहरीर देकर अपनी भाभी को घटना के लिए जिम्मेदार बताया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सलहदीपुर गांव निवासी 25 वर्षीय शैलेन्द्र पुत्र राम अवध का लगभग एक सप्ताह पहले अपनी पत्नी शीलम देवी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। कहासुनी के बाद नाराज होकर शीलम देवी अपने मायके चली गई थीं। परिजनों के अनुसार शैलेन्द्र बाद में उसे मनाने और वापस घर लाने के लिए ससुराल भी गया था, लेकिन वह लौटने के लिए तैयार नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि होली के दिन शैलेन्द्र ने अपनी पत्नी को कई बार फोन कर घर वापस आने के लिए कहा, लेकिन उसने आने से इनकार कर दिया। इससे शैलेन्द्र काफी परेशान और मानसिक रूप से आहत हो गया।
तीन भाइयों में दूसरे नंबर के शैलेन्द्र के घर होली का त्योहार मनाया जा रहा था और परिवार के अन्य सदस्य रंग-गुलाल के उत्सव में व्यस्त थे। इसी दौरान शैलेन्द्र चुपचाप घर के सीमेंट शेड से बने एक कमरे में चला गया और लोहे की पाइप में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली।
परिवार के लोगों को पहले लगा कि वह रंग और अबीर से बचने के लिए कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर लिया है। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकला तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाना शुरू किया। कई बार आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्हें शक हुआ। इसके बाद रोशनदान से झांककर देखा गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी दंग रह गए। शैलेन्द्र का शव फंदे के सहारे हवा में झूल रहा था।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के छोटे भाई शनि ने थाना खुटहन में तहरीर देकर अपनी भाभी को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई और होली की खुशियां मातम में बदल गईं।