आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा सद्भावना पुल से नदी में कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। काफी खोजबीन के बाद दूसरे दिन सुबह पुल से कुछ दूरी पर नदी से उसका शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला रासमण्डल निवासी संजय यादव का 22 वर्षीय पुत्र लालू यादव बुधवार की रात लगभग 10 बजे अपने घर से निकला था। इसके बाद वह शहर के सद्भावना पुल पर पहुंचा और वहां से नदी में छलांग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में सूचना पाकर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और युवक की तलाश शुरू कराई। उस समय होली का त्योहार होने के कारण देर रात तक गोताखोरों की तलाश की जाती रही, जिससे बचाव कार्य में कुछ देरी भी हुई।
बताया जा रहा है कि पूरी रात युवक की तलाश जारी रही। अगले दिन सुबह गोताखोरों की मदद से सद्भावना पुल से कुछ दूरी पर नदी के पानी से युवक का शव बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार युवक का किसी शादीशुदा महिला से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। इसी बात को लेकर वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में रहता था। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
घटना के बाद युवक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।