आमिर, देवल ब्यूरो ,मालीपुर थाना क्षेत्र के करमिसिरपुर गांव के समीप गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार मजिस्ट्रेट लिखी लाल-नीली बत्ती लगी स्विफ्ट डिजायर कार और मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार मालीपुर थाना क्षेत्र के नूरपुर खुर्द निवासी हरकेश यादव गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे मोटरसाइकिल से दूध लेकर डेरी पर देने जा रहे थे। जैसे ही वह करमिसिरपुर गांव के पास पहुंचे, तभी जलालपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार लाल-नीली बत्ती लगी और मजिस्ट्रेट लिखी स्विफ्ट डिजायर कार उनकी मोटरसाइकिल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हरकेश यादव सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही जलालपुर कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप सिंह यादव और मालीपुर थाना अध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए घायल युवक को अपने वाहन से इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
बताया जा रहा है कि कार में सवार जलालपुर की एक महिला अधिकारी के पति, जो सुल्तानपुर जनपद में तैनात अधिकारी हैं, ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान यह दुर्घटना हो गई।
मालीपुर थाना अध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य ने बताया कि दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है।