कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । उत्तर प्रदेश सरकार की कृषि यंत्रीकरण योजनाओं के तहत किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों पर भारी सब्सिडी का लाभ देने की प्रक्रिया तेज हो गई है। उप कृषि निदेशक डॉ. अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन (SMAM) और अन्य संबंधित योजनाओं के अंतर्गत 25 फरवरी से 4 मार्च 2026 तक ऑनलाइन बुकिंग की गई सभी कृषि यंत्रों की ई-लाटरी शुक्रवार, 6 मार्च 2026 को अपराह्न 12 बजे से जिला कलेक्ट्रेट के एनआईसी सभागार में शुरू होगी।डॉ. सिंह ने जनपद के सभी किसानों से अपील की है कि जिन्होंने इस अवधि में रु. 10,000 से अधिक अनुदान वाले यंत्रों जैसे रोटावेटर, स्ट्रॉ रीपर, सुपर सीडर, लेजर लैंड लेवलर, पावर टिलर, पोटैटो डिगर, ऑयल मिल विद फिल्टर प्रेस तथा कस्टम हायरिंग सेंटर आदि की बुकिंग की है, वे अवश्य उपस्थित रहें। ई-लाटरी के माध्यम से लक्ष्य के अनुसार 100 प्रतिशत लाभार्थियों का चयन पारदर्शी तरीके से किया जाएगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और चयनित किसानों को यंत्रों पर 40 से 50 प्रतिशत तक (एससी/एसटी, लघु-सीमांत एवं महिला किसानों के लिए अधिकतम 50%) अनुदान मिलेगा। बुकिंग agridarsan.up.gov.in पोर्टल के माध्यम से की गई थी।किसान भाइयों से अनुरोध है कि वे समय पर सभागार में पहुंचकर लाटरी प्रक्रिया में भाग लें, ताकि कोई लाभार्थी वंचित न रहे। अधिक जानकारी के लिए कृषि विभाग कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
अंबेडकर नगर में 6 मार्च को कृषि यंत्रों की ई-लाटरी, किसानों को 50% तक अनुदान मिलने का मौका
मार्च 05, 2026
0
Tags