आमिर, देवल ब्यूरो ,रामपुर, जौनपुर।रामपुर ब्लॉक क्षेत्र के नोनारी गांव स्थित बाबतपुर–जमालापुर मार्ग पर मंगलवार की देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हृदय विदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात करीब 12 बजे नोनारी तिराहे के पास सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक से तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार तीन युवक जा टकराए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार कैलाश पटेल (38 वर्ष) पुत्र कमला पटेल तथा अरुण पटेल (28 वर्ष) पुत्र लालबहादुर पटेल, निवासी ग्राम रसूलहा, ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं तीसरे युवक विनोद पटेल (30 वर्ष) पुत्र अमरनाथ पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल उपचार के लिए भदोही के एक निजी अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे की खबर मिलते ही रसूलहा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि किशन मोदनवाल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों की भीड़ जमा हो गई और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध नजर आया।
सूचना मिलते ही नेवढ़िया थानाध्यक्ष राजाराम द्विवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि रात का समय होने के कारण सड़क पर अंधेरा था और खड़ी ट्रक की जानकारी न होने से यह हादसा हो गया। इस घटना ने एक बार फिर सड़क किनारे खड़े वाहनों की सुरक्षा और सड़क पर सावधानी बरतने की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।
इस दुखद हादसे से मृतकों के परिवार में मातम पसरा हुआ है। गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।