आमिर, देवल ब्यूरो ,शाहगंज, जौनपुर।शादियों के सीजन में जहां शहर के होटल, मैरेज हॉल और सड़कें उत्सव के रंग में सराबोर हैं, वहीं इसी भीड़-भाड़ और चहल-पहल का फायदा उठाकर अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। मंगलवार की रात नगर के सबसे व्यस्त इलाके में हुई चेन स्नैचिंग की घटना ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुरानी बाजार निवासी अनीता सोनी, पत्नी रजनीश सोनी, मंगलवार रात करीब नौ बजे अपने घर से पांच अन्य महिलाओं के साथ नगर के हनुमानगढ़ी स्थित एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने जा रही थीं। जब वे चूड़ी मोहल्ला स्थित बिस्मिल्ला मार्केट के पास पहुंचीं, तभी अपाचे बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश अचानक उनके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए।
अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पीड़िता और साथ चल रही महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पीड़िता अनीता सोनी ने बताया कि छीनी गई सोने की चेन की कीमत खरीद के समय लगभग दो लाख रुपये थी, जबकि वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार इसकी कीमत करीब आठ लाख रुपये आंकी जा रही है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक के.के. सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। संदिग्धों की पहचान करने के लिए विभिन्न टीमों को लगाया गया है और हर पहलू से मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही बदमाशों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि शादी-ब्याह के सीजन में रात के समय बाजारों और गलियों में काफी भीड़ रहती है, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।