शिक्षित और संस्कारित नागरिक से ही मजबूत होगी राष्ट्र की नींव- बृजेश सिंह प्रिंसू
आमिर, देवल ब्यूरो ,सिकरारा (जौनपुर)।मां शारदा इंटरमीडिएट बालिका विद्यालय, खानापट्टी में बुधवार को वार्षिकोत्सव समारोह धूमधाम और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छात्राओं की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद धनंजय सिंह एवं विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंसू रहे। दोनों अतिथियों ने विद्यालय परिसर में एमएलसी निधि से निर्मित स्वामी विवेकानंद पुस्तकालय कक्ष का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन से हुआ। इसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत और गणेश वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भव्य शुरुआत दी। छात्राओं ने मराठी, गुजराती, पंजाबी और राजस्थानी लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही ‘ऑपरेशन सिंदूर’, ‘बेटी हिंदुस्तान की’ और शहीद भगत सिंह पर आधारित एकांकी प्रस्तुत कर देशभक्ति का ऐसा जज्बा दिखाया कि दर्शक भाव-विभोर हो उठे।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि धनंजय सिंह ने कहा कि केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी हैं। शिक्षा और संस्कार के संगम से ही एक बेहतर राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि जब युवा सही दिशा में शिक्षित और संस्कारित होंगे, तभी वे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सक्षम बनेंगे।
विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंसू ने कहा कि शिक्षित और संस्कारित नागरिक ही किसी भी देश की असली ताकत होते हैं। ऐसे नागरिकों से ही राष्ट्र की नींव मजबूत होती है और देश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता है।
इस अवसर पर अतिथियों ने यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में जनपद की टॉप टेन सूची में शामिल छात्राओं आयुषी शुक्ला, अंशिका उपाध्याय और महिमा कन्नौजिया को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। विद्यालय के प्रबंधक जगदीश नारायण सिंह एडवोकेट ने विद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत की और आगंतुक अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रमुख सुधाकर उपाध्याय ने की। संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य शरद सिंह ने किया, जबकि प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित सिंह ने आभार व्यक्त किया।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह, माध्यमिक शिक्षक संघ के संरक्षक रमेश सिंह, सेवानिवृत्त शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सत्यदेव सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. जंग बहादुर सिंह, माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष फौजदार सिंह अखिलेश, शिक्षक नेता रितिका दुबे, सुभाष सिंह, अवकाश प्राप्त जज विनोद मिश्र, सुशील उपाध्याय, अर्चना सिंह, डॉ. उदय सिंह, अवधेश सिंह, शैलेंद्र सिंह, संतोष सिंह बघेल, राजेश सिंह टोनी, डॉ. अनुज सिंह, रोहित यादव, दिवाकर चौहान, श्यामधर मिश्र, विकास सिंह, अंकुर दुबे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और अभिभावक उपस्थित रहे।