देवल संवाददाता, आज़मगढ़। जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के फोर लेन नेशनल हाइवे पर भीरा मार्ग के पास मंगलवार दोपहर को एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को कुचल दिया। हादसे में 42 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए।
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के मेहरो जगदीशपुर गांव निवासी जयप्रकाश राय अपनी बीमार पत्नी रंजू राय को दवा दिलाने के लिए बाइक पर ले जा रहे थे। वे नेशनल हाइवे के फोर लेन चौराहे से भीरा मार्ग पर उतरे ही थे कि तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बाइक से गिरकर रंजू राय अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरी और ट्रक के नीचे आकर उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में जयप्रकाश राय और उनके साथी घायल हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत ट्रक और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घायल जयप्रकाश और उनके मित्र को लोगों ने तुरंत सीएचसी ले जाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छोड़ दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक रंजू राय का एक बेटा है।
स्थानीय लोग हादसे की भयावहता देखकर सकते में आ गए और घटना स्थल पर अफरा-तफरी मची रही। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।