आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद के खुटहन क्षेत्र निवासी 55 वर्षीय डॉक्टर राम प्रताप प्रजापति की गुरुवार देर रात एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना 19 फरवरी की रात लगभग 10 बजे थाना सरायख्वाजा क्षेत्र के छतौरा मल्हनी गांव के पास की है, जहां वह एक बारात में शामिल होने गए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारात सड़क किनारे खड़ी थी और डॉक्टर राम प्रताप प्रजापति सड़क की पटरी पर खड़े होकर परिचितों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान मल्हनी की ओर से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित मोटरसाइकिल ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन काफी देर तक उन्हें उपचार के लिए अस्पताल नहीं ले जाया गया। समय पर चिकित्सा सुविधा न मिलने के कारण थोड़ी ही देर में उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही थाना सरायख्वाजा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक डॉक्टर राम प्रताप प्रजापति ग्राम सधनपुर, थाना खुटहन के निवासी थे। वह खुटहन हॉस्पिटल रोड पर एक मेडिकल स्टोर का संचालन करते थे और क्षेत्र में एक मिलनसार एवं समाजसेवी व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। उनके निधन की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिवार में उनकी पत्नी सुमित्रा देवी (50), दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। सभी बच्चों का विवाह हो चुका है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मोटरसाइकिल चालक की तलाश की जा रही है।