आमिर, देवल ब्यूरो ,मीरगंज, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के चौकी कला गांव की 15 वर्षीय छात्रा ने शुक्रवार की सुबह जंघई रेलवे ट्रैक पर चलती ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौकी कला गांव निवासी सुरेश जैसवार की पुत्री गरिमा जैसवार आरडी मेमोरियल मॉडर्न कॉन्वेंट इंटरमीडिएट कॉलेज, जंघई (प्रयागराज) की हाईस्कूल की छात्रा थी। उसका परीक्षा केंद्र श्रीदेवी प्रसाद इंटर कॉलेज, पिलखिनी जंघई (प्रयागराज) में निर्धारित था। शुक्रवार सुबह लगभग सात बजे वह साइकिल से सोशल साइंस की परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी।
बताया गया कि जंघई रेलवे फाटक से करीब 200 मीटर पूरब उसने अपनी साइकिल रेलवे ट्रैक के किनारे खड़ी कर दी। इसी दौरान जौनपुर से प्रयागराज की ओर जा रही एजे पैसेंजर ट्रेन के सामने अचानक छलांग लगा दी। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही मीरगंज व सराय ममरेज पुलिस के साथ आरपीएफ जंघई तथा जीआरपी जंघई की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल जीआरपी क्षेत्राधिकार में होने के कारण जीआरपी जंघई ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। परिवार में कोहराम मच गया। चचेरे चाचा राजेश जैसवार ने बताया कि हाल ही में हुए हिन्दी के पेपर को लेकर गरिमा काफी चिंतित थी। उनका कहना है कि हिन्दी विषय की परीक्षा ठीक न होने और तीन प्रश्न छूट जाने के कारण वह मानसिक तनाव में थी।
जीआरपी जंघई प्रभारी अरुण मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में परीक्षा के तनाव को आत्महत्या का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर छात्रों पर बढ़ते परीक्षा दबाव और मानसिक तनाव को लेकर चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्रीय लोगों ने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों की मानसिक स्थिति पर विशेष ध्यान देने की अपील की है।