आमिर, देवल ब्यूरो ,महराजगंज, जौनपुर। स्थानीय विकास खण्ड क्षेत्र की ग्राम पंचायत डोमपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में बीती रात अज्ञात चोरों ने भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब विद्यालय खुला तो कार्यालय का ताला टूटा मिला और अंदर का नजारा देखकर विद्यालय प्रशासन के होश उड़ गए। चोरी की इस घटना से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह प्रधानाध्यापक केशव प्रसाद सिंह जब विद्यालय पहुंचे और कार्यालय का ताला खोला तो पाया कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। अंदर प्रवेश करने पर कार्यालय का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। चोरों ने विद्यालय के कीमती इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य शैक्षिक सामग्री को निशाना बनाया।
चोरी गए सामान में स्टेबलाइजर, इन्वर्टर, बैटरी, रेडियो, पीए स्पीकर, टैबलेट, प्रोजेक्टर, खेलकूद सामग्री, इको क्लब से जुड़ा सामान, वायरिंग सामग्री, तीन पंखे, एक्सटेंशन बोर्ड, पांच डायरी तथा दो बंडल कॉपियां शामिल हैं। विद्यालय प्रशासन के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान भूखला देवी और विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष भी मौके पर पहुंचे। प्रधानाध्यापक केशव प्रसाद सिंह ने बदलापुर कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्राम प्रधान और प्रबंध समिति अध्यक्ष ने भी तहरीर पर हस्ताक्षर कर कार्रवाई का समर्थन किया है।
कोतवाली प्रभारी शेष कुमार शुक्ला ने बताया कि चोरी की तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। विवेचना के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विद्यालय में हुई इस चोरी से छात्रों की पढ़ाई पर भी असर पड़ने की आशंका है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र खुलासा कर चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।