आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। दिनांक 20.02.2026 को कुँवर अनुपम सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर द्वारा थाना कोतवाली का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण की सूचना से थाना परिसर में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गईं और संबंधित अधिकारी व कर्मचारी पूरी तत्परता के साथ उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, अभिलेखों के रख-रखाव, शस्त्रागार, हवालात, मालखाना तथा थाना परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का गहन अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से संधारित करने तथा डिजिटल प्रविष्टियों को समय से अपडेट रखने के निर्देश दिए। सीसीटीएनएस कक्ष में लंबित प्रविष्टियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश भी प्रदान किए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत एवं मुकदमे की प्रगति नियमित रूप से मॉनिटर की जाए तथा वादियों को समय-समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
थाना परिसर की स्वच्छता व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने साफ-सफाई को निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए। शस्त्रागार व मालखाना का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों के मिलान तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन की भी जांच की गई।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन से विनम्र एवं शिष्ट व्यवहार बनाए रखने, शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता का विश्वास पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है और इसे बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।