आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शाहगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नाबालिग/युवती को प्रेमजाल में फंसाकर शारीरिक शोषण करने तथा अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने के आरोप में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आवेदक राजपत राजभर पुत्र रामसुमेर राजभर निवासी ग्राम नटौली, थाना शाहगंज, जनपद जौनपुर द्वारा थाना शाहगंज पर लिखित तहरीर दी गई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि राजेश भारद्वाज पुत्र सिकंदर, निवासी ग्राम धनीपुर (बिसराई), थाना फूलपुर, जनपद आजमगढ़, उनकी पुत्री से कई वर्षों से बातचीत करता था और उसे अपने प्रेमजाल में फंसाकर बहला-फुसलाकर शारीरिक संबंध स्थापित किया।
आरोप है कि अभियुक्त ने युवती के आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी दी। साथ ही फर्जी आईडी बनाकर फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अश्लील फोटो वायरल कर दिए। इस संबंध में थाना शाहगंज पर मु0अ0सं0 0034/2026 धारा 69 भारतीय न्याय संहिता 2023 तथा 67ए आईटी एक्ट के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
मामले की विवेचना के दौरान अभियुक्त की तलाश जारी थी। इसी क्रम में दिनांक 20.02.2026 को पुलिस टीम ने वांछित अभियुक्त राजेश भारद्वाज को मलमल पुलिया, शाहगंज क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच भी की जा रही है, जिससे प्रकरण में अन्य पहलुओं की पुष्टि हो सके।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि साइबर अपराध या ब्लैकमेलिंग से संबंधित किसी भी घटना की तत्काल सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।