संतोष,देवल ब्यूरो,आजमगढ़ जिले के बूढ़नपुर नगर पंचायत अंतर्गत शेरवा गांव निवासी एक दिव्यांग महिला को आज तक सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका है। पीड़िता शारीरिक रूप से दिव्यांग है और पैरों से खड़ी होने में असमर्थ है, ऐसे में उसके लिए पक्का आवास अत्यंत आवश्यक है।पीड़िता ने बताया कि उसने कई बार सरकारी आवास के लिए आवेदन पत्र भरा, लेकिन हर बार उसे निराशा ही हाथ लगी। आरोप है कि पूर्व ग्राम प्रधान द्वारा प्रभाव का इस्तेमाल कर जरूरतमंद दिव्यांग महिला का नाम आवास सूची से कटवा दिया गया, जिसके चलते वह योजना के लाभ से वंचित रह गई।दिव्यांग पीड़िता का कहना है कि उसके पास न तो रहने के लिए सुरक्षित मकान है और न ही कोई स्थायी सहारा। बारिश और ठंड के मौसम में उसकी परेशानी और भी बढ़ जाती है। इस मामले को लेकर पीड़िता ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और उसे शीघ्र सरकारी आवास उपलब्ध कराया जाए, ताकि वह सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन जी सके। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कितनी तत्परता दिखाता है और दिव्यांग महिला को कब तक उसका हक मिल पाता है।