कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।परियोजना अधिकारी डीआरडीए/जिला पंचायत राज अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारण्टी योजनान्तर्गत समस्त एक्टिव श्रमिकों के जॉबकार्ड का ई०-के०वाई०सी० कराये जाने का अभियान जनपद में चलाया जा रहा हैं, जिसके द्वारा जॉबकार्ड नवीनीकरण प्रक्रिया को समय पर पूरा करते हुये नियमित आधार पर नवीनीकरण प्रक्रिया को तेज और सुव्यवस्थित किया जा सकेगा। जनपद में अभी तक कुल 76.11 प्रतिशत ई-के०वाई०सी० हो गया हैं।
उन्होंने बताया कि मनरेगा में अब वही श्रमिक कार्य करने के पात्र होंगे, जिसके जाबकार्ड का ई-के०वाई०सी० हुआ रहेगा।
ई-के०वाई०सी० कराने के लिये सभी एक्टिव श्रमिक अपने ग्राम पंचायत के सम्बन्धित रोजगार सेवक, महिला मेट, ग्राम प्रधान, सचिव, ए०पी०ओ० एवं बी०डी०ओ० से सम्पर्क करें। सभी ग्राम पंचायतों में ई-के०वाई०सी० कराने के लिये कैम्प भी लगाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शासन द्वारा बताया गया कि शीघ्र ही श्रमिकों का एन०एम०एम०एस० के तहत फेस ऑथेंटिकेशन (चेहरा प्रमाणीकरण) के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य हो जायेगा, जिसके लिये यह अनिवार्य है कि समस्त एक्टिव श्रमिक अपने जॉबकार्ड का ई-के०वाई०सी० अवश्य करा लें।