कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM–VBRY) के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में पीएफ विभाग वाराणसी के सहायक आयुक्त दिवाकर मिश्रा, सहायक श्रमायुक्त (अम्बेडकरनगर) राज बहादुर यादव, प्रवर्तन अधिकारी पीएफ विभव श्रीवास्तव, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, नियोजकगण तथा इससे संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी नियोजकों को निर्देशित किया कि वे तत्काल योजना के अंतर्गत अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें, ताकि पात्र कर्मकारों को योजना का लाभ शीघ्र प्राप्त हो सके। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि जनपद के ऐसे लगभग 1200 नियोजक जो पीएफ अंशदान (PF Contribution) नहीं कर रहे हैं, उन्हें नोटिस निर्गत किया जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक नियोजकों एवं कर्मकारों को योजना से आच्छादित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्देशों का अनुपालन न करने की स्थिति में ईपीएफओ विभाग द्वारा संबंधित नियोजकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत नियोजकों को आगामी 24 माह तक एवं विनिर्माण क्षेत्र में कार्य करने वाले नियोजकों को 48 माह तक न्यूनतम ₹1000 प्रतिमाह एवं अधिकतम ₹3000 प्रतिमाह तक प्रोत्साहन राशि दिए जाने का प्रावधान है। साथ ही, पात्र कर्मकारों को योजना के अंतर्गत 6 माह तक सदस्यता पूर्ण करने पर दो किस्तों में कुल ₹15,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं नियोजकों से अपेक्षा की कि वे शासन की मंशा के अनुरूप योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए अधिकतम पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करें।