कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जनपद के बेरोजगार युवक एवं युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार की विशेष योजना "मिशन रोजगार" के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, अम्बेडकरनगर द्वारा दिनांक 28 फरवरी 2026 (शनिवार) को एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला पूर्वाह्न 10:00 बजे से परिसर देव इन्द्रावती पी०जी० कॉलेज कटहरी में आयोजित होगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि उक्त रोजगार मेले में देश एवं प्रदेश की निजी क्षेत्र की 50 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियाँ प्रतिभाग करेंगी, जो जनपद के बेरोजगार पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी। मेले में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के वे अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं, जिन्होंने कक्षा 10वीं/12वीं उत्तीर्ण की हो अथवा अन्य उच्चतर शैक्षणिक योग्यता रखते हों।
मेले में प्रतिभाग करने हेतु प्रत्येक अभ्यर्थी को रोजगार संगम पोर्टल (rojgaarsangam.up.gov.in) पर पूर्व में पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। पंजीकरण उपरांत ही अभ्यर्थी मेले में सम्मिलित हो सकेंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अपने समस्त शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों, पहचान पत्र एवं पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर स्थल पर उपस्थित हों।
यह भी स्पष्ट किया गया है कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने हेतु किसी प्रकार का मार्ग व्यय अथवा भत्ता देय नहीं होगा।
जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त पात्र बेरोजगार युवक-युवतियों से अपील की है कि वे इस सुनहरे अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं, समय से पंजीकरण कराएं तथा निर्धारित तिथि पर रोजगार मेले में प्रतिभाग कर अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सशक्त कदम बढ़ाएं।