आमिर, देवल ब्यूरो ,चन्दवक थाना क्षेत्र के वाराणसी–आजमगढ़ मार्ग पर कनौरा गांव के समीप सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिलाई का काम करने अपनी दुकान पर जा रहे साइकिल सवार युवक को एक अज्ञात कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान मनोज कुमार राम (32 वर्ष) पुत्र सहेंदर राम निवासी ग्राम कनौरा, लेबरुआ डोभी, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनोज रोज की तरह साइकिल से अपने काम पर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाई मदद
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और 112 पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए बीरीबारी स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों को सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
फरार वाहन की तलाश जारी
पुलिस प्रशासन ने अज्ञात कार और चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है तथा संभावित रूटों पर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।