आमिर, देवल ब्यूरो ,पवारा_जौनपुर जनपद के पवांरा थाना क्षेत्र स्थित एक इंटर कॉलेज में यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलमुक्त कराने के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है।
कक्षा में घुसकर कैमरा किया बंद
वायरल वीडियो के अनुसार दो युवक कॉलेज परिसर के एक कमरे में घुसते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि एक युवक पहले क्लासरूम के रोशनदान को तोड़कर अंदर प्रवेश करता है और फिर दरवाजा खोलकर अपने साथी को भीतर बुलाता है। इसके बाद दोनों मिलकर यूपी बोर्ड परीक्षा की निगरानी के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे से छेड़छाड़ करते हैं और उसे बंद कर देते हैं। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों वहां से फरार हो जाते हैं।
नकल रोकने के लिए लगाए गए थे कैमरे
पवांरा क्षेत्र के होरिल राव इंटर कॉलेज में यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलमुक्त और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रत्येक कक्षा में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। आशंका जताई जा रही है कि कैमरों को निष्क्रिय कर परीक्षा के दौरान नकल का रास्ता खोलने की कोशिश की गई।
सोशल मीडिया पर भ्रामक दावे
घटना के वीडियो को कुछ लोगों द्वारा चोरी की घटना बताकर सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है। हालांकि प्रथम दृष्टया मामला परीक्षा के दौरान निगरानी व्यवस्था को बाधित करने से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
डीआईजी के निर्देश पर जांच तेज
वायरल वीडियो की जानकारी जब वाराणसी रेंज पुलिस के डीआईजी तक पहुंची, तो उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पवांरा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। कॉलेज प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है और संदिग्ध युवकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पहले भी सामने आया था परीक्षा से जुड़ा मामला
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व जिले में यूपी बोर्ड की कॉपियों का बंडल सड़क किनारे पाए जाने का मामला भी सामने आया था, जिससे परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए थे। ऐसे में सीसीटीवी से छेड़छाड़ की यह घटना प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।