आमिर, देवल ब्यूरो ,खेतासराय (जौनपुर)। स्थानीय कस्बे के जौनपुर रोड पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के पास शनिवार सुबह लगभग 10 बजे एक तेज रफ्तार डीसीएम और ऑटो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक ई-रिक्शा चालक को भी मामूली चोटें आई हैं। टक्कर के बाद डीसीएम चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लाल रंग की डीसीएम शाहगंज की ओर से जौनपुर की तरफ जा रही थी। जैसे ही वाहन पंजाब नेशनल बैंक के पास पहुंचा, सामने से आ रही ऑटो से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर पीछे से आ रही ई-रिक्शा से टकराते हुए सड़क किनारे नाली में जा गिरा।
हादसे में ऑटो चालक हसीबुद्दीन (45 वर्ष) पुत्र सरफुद्दीन, निवासी जमदहा गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं ई-रिक्शा चालक मोहम्मद असलम, निवासी ढडवारा को हल्की चोटें आईं।
घटना में ऑटो और ई-रिक्शा दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। हादसे के बाद डीसीएम चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जौनपुर रोड पर वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही से आए दिन हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में ट्रैफिक नियंत्रण और सख्ती की मांग की है।