देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिले के थाना बरदह पुलिस ने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के सरकारी धन में गबन के आरोप में अभियुक्त अशोक कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है।
सौरभ कुमार, पुत्र स्व० राजेन्द्र प्रसाद, निवासी ग्राम मुस्तफाबाद, थाना बक्सा, जनपद जौनपुर, जो सहायक विकास अधिकारी हैं, ने थाना बरदह को प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (आर0के0वी0वाई0) के अंतर्गत प्राप्त कुल ₹5,00,000/- की धनराशि में से ₹1,36,274.84/- का गबन किया गया है।
शिकायत के आधार पर थाना बरदह पर अशोक कुमार गुप्ता, पुत्र स्व० कन्हैया लाल गुप्ता, निवासी ग्राम अबुसईदपुर, थाना गम्भीरपुर, जनपद आजमगढ़ के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया था।
रविवार को उप निरीक्षक पुनीत कुमार श्रीवास्तव मय हमराह द्वारा अभियुक्त अशोक कुमार गुप्ता को उसके घर, ग्राम अबुसईदपुर, थाना गम्भीरपुर, जनपद आजमगढ़ से सुबह गिरफ्तार किया गया।