आमिर, देवल ब्यूरो ,बरसठी (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के जमुनीपुर गांव में रविवार को 26 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना से गांव में सनसनी फैल गई है और एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मृतक की पहचान शुभम शुक्ला (26 वर्ष) पुत्र राजेश कुमार शुक्ला, निवासी जमुनीपुर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शुभम घर के पास स्थित प्राथमिक विद्यालय के आसपास मौजूद था। इसी दौरान गांव के कुछ बच्चों ने सूचना दी कि वह पोखरी के पास खून से लथपथ अवस्था में पड़ा है।
परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे तो देखा कि शुभम के सीने और पेट पर चाकू के कई गहरे वार किए गए थे। आनन-फानन में उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी पहलुओं—व्यक्तिगत रंजिश, पुरानी दुश्मनी और अन्य संभावित कारणों—की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिससे हत्या के कारणों और वारदात के समय का स्पष्ट पता चल सके।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।