आमिर, देवल ब्यूरो ,मीरगंज (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के स्थानीय कस्बे में शनिवार सुबह एक 22 वर्षीय युवक ने कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या कर ली। युवक की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए ले गए, लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
सूत्रों के अनुसार स्थानीय निवासी अल्तमश शाह के 22 वर्षीय पुत्र मोहम्मद तबरेज ने शनिवार सुबह लगभग 8 बजे अज्ञात कारणों से घर पर ही कीटनाशक का सेवन कर लिया। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर देख परिजन तत्काल उसे पास के एक निजी चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने स्थिति नाजुक बताते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मीरगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।