आमिर, देवल ब्यूरो ,बदलापुर (जौनपुर)। स्थानीय तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि आमजन को समयबद्ध न्याय मिल सके। पुलिस अधीक्षक ने भी कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में तत्परता बरतने और शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराने पर बल दिया।
समाधान दिवस में ग्राम विट्ठुआ खुर्द निवासी राम समुझ, बड़ेरी के दान बहादुर यादव, थरथरी निवासी राजकुमार, ढेमा के केसरी प्रसाद दुबे सहित अन्य ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं। प्राप्त शिकायतों में राजस्व, पुलिस, विकास, चिकित्सा, शिक्षा तथा भूमि विवाद से जुड़े मामले प्रमुख रहे। कई प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी बदलापुर योगिता सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभात कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल, तहसीलदार योगेंद्र पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में जनपद की अन्य तहसीलों में भी संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जहां अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।