आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। लाइनबाज़ार क्षेत्र स्थित चंद्रिका सिंह कालोनी में शनिवार की रात करीब नौ बजे चोरों ने एक पत्रकार के मकान को निशाना बनाते हुए नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। ढाई घंटे तक घर में किसी की मौजूदगी न होने का फायदा उठाकर बदमाश मेन गेट का ताला तोड़कर भीतर घुसे और अलमारियों व लॉकर को तोड़कर करीब दो लाख रुपये के गहने तथा सात हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार एक हिंदी दैनिक अखबार के पत्रकार उमेश मिश्रा का मकान चंद्रिका सिंह कालोनी में है। पिछले कुछ दिनों से उनका परिवार गांव में रह रहा है, जबकि मकान पर उनका पुत्र ठहरता था। शनिवार शाम लगभग छह बजे उनका पुत्र गांव चला गया। रात करीब नौ बजे जब उमेश मिश्रा अपनी पत्नी के साथ मकान पर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित के अनुसार चोरों ने घर के सभी कमरों की अलमारियों के ताले और लॉकर तोड़कर पूरा घर खंगाल डाला। बदमाश एक सोने की चेन, चांदी का प्लेट, नारियल, सुपारी, पायल समेत अन्य जेवरात और सात हजार रुपये नगद ले गए। घटना की सूचना तत्काल क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता को दी गई। उनके निर्देश पर टीडी कॉलेज चौकी प्रभारी अरविंद यादव मौके पर पहुंचे और रात में ही कालोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष 14 नवंबर की रात इसी कालोनी में नरेंद्र बहादुर सिंह के आवास से करीब सात लाख रुपये के गहनों की चोरी हुई थी। इसके अलावा कालोनी निवासी अखिलेश सिंह की बाइक सहित अन्य चोरी की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही वारदातों से कालोनीवासियों में दहशत का माहौल है और लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है तथा जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।