आमिर, देवल ब्यूरो ,डोभी,जौनपुर। औड़िहार जौनपुर रेल प्रखंड पर पूरनपुर गांव के सामने चंदवक बाया बगेरवा पूरनपुर मार्ग रेल विभाग द्वारा अवरुद्ध किए जाने से प्रभावित गांवों के ग्रामीणों ने पूरनपुर गांव स्थित शिव मंदिर प्रांगण में पूर्वांचल किसान संगठन के नेता अजीत सिंह की अध्यक्षता में बैठक की। बैठक में ग्रामीणों ने वैकल्पिक रास्ते की मांग के समर्थन में रेल विभाग के खिलाफ संघर्ष के लिए रणनीति बनायीं। आक्रोश जताया कि रास्ते के लिए अंदर पास की मांग दस साल से की जा रही है लेकिन रेल विभाग अंदर पास बनवाने के बजाय लोहे का गार्डर गाड़ कर रास्ता अवरुद्ध कर दिया।
पूरनपुर, कैथौली, लोकापट्टी, छोनापुर,महापुर सहित अन्य गांवों के बैठक में जुटे ग्रामीणों का कहना था कि जब से रेलवे लाइन बिछी हुई है तभी से पूरनपुर गांव के सामने से दर्जनों गांवों के हजारों की आबादी का आवागमन चंदवक बाजार ,हॉस्पिटल सहित अन्य आवश्यकताओं के लिए होता चला आ रहा है। औड़िहार जौनपुर रेल प्रखंड के बड़ी लाइन होने तथा उसके बाद डबल लाइन होने के पूर्व से ही अंदर पास की मांग की जाती रही है। इसके लिए डीआरएम से लेकर रेलमंत्री तक को समय समय पर मांग के समर्थन में ज्ञापन दिए जाते रहे। रेल विभाग के जिम्मेदार अधिकारी असंवेदनशीलता दिखाते हुए समस्या के समाधान के लिए ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों ने निर्णय लिया कि रेल विभाग का समस्या के समाधान के लिए ध्यान आकृष्ट कराने हेतु सैकड़ों की संख्या में चलकर डीआरएम को पत्रक दिया जाएगा। इसके बाद भी रेल विभाग रास्ते की समस्या का समाधान नहीं निकाला तो आगामी दिनों में डीआरएम का घेराव किया जाएगा। बैठक में नंदलाल सिंह, सुरेंद्र सिंह, राम जनक पाठक,साहब सिंह, सोनू सिंह, संजय सिंह, संतोष सिंह, अवधेश सिंह, जमादार सिंह, पतिराम,रामाश्रय राम,इंद्रेश गुप्ता,आनंद वर्मा,कपिल चौबे सहित अन्य लोग उपस्थित थे।