आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र 366 जौनपुर के विभिन्न मतदेय स्थलों का जिलाधिकारी जौनपुर द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण तथा बूथ स्तर पर की जा रही व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने मुक्तेश्वर प्रसाद बालिका इंटर कॉलेज जौनपुर, टी डी इंटर कॉलेज जौनपुर एवं टी डी डिग्री कॉलेज जौनपुर स्थित मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं त्रुटिरहित पुनरीक्षण लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। सभी बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को निर्देशित किया गया कि वे घर-घर सत्यापन कार्य पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ संपन्न करें।
निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले BLO इम्तियाज अहमद, प्रियंका एवं श्यामलता को जिलाधिकारी ने अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने उनके कार्य की सराहना करते हुए अन्य कर्मियों को भी प्रेरित किया कि वे पूरी जिम्मेदारी के साथ पुनरीक्षण कार्य में योगदान दें।
इस अवसर पर एईआरओ (AERO) नौसाद अंसारी, सुपरवाइजर नवनीत यादव, नगर पालिका परिषद के ईओ पवन कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बूथों पर उपलब्ध सुविधाओं, मतदाता पंजीकरण प्रपत्रों की उपलब्धता तथा आवश्यक अभिलेखों की भी जांच की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण 2026 के अंतर्गत किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से वंचित न रहे और अपात्र नामों को नियमानुसार हटाया जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।