आमिर, देवल ब्यूरो ,जाफराबाद जौनपुर। थाना जाफराबाद क्षेत्र के शेखवाड़ा मोहल्ले में कब्र की खुदाई को लेकर बुधवार शाम विवाद खड़ा हो गया। मामले में एक पक्ष ने नगर पंचायत के चेयरमैन पति व उनके समर्थकों पर प्राणघातक हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला शेखवाड़ा निवासी शाहनेयाज अहमद ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि 25 फरवरी 2026 को नगर निवासी जुम्मन शाह के इंतकाल के बाद नगर पंचायत कार्यालय के बगल स्थित स्थान पर कब्र की खुदाई की बात चल रही थी। आरोप है कि इस दौरान चेयरमैन पति डॉ. सरफराज खान अपने समर्थकों तथा कुछ पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर मौजूद थे।
शिकायतकर्ता के मुताबिक शाम करीब 5:45 बजे उनके भाई शाह शब्बीर मौके पर पहुंचे और जेसीबी मशीन से कब्र की खुदाई कराए जाने का विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
प्रार्थी का आरोप है कि डॉ. सरफराज खान, तारिक उर्फ बाबू खान, साहिल उर्फ पोपट उर्फ पुल्लू खान, रिजवान खान और नेहाल पुत्र शकील ने मिलकर शाह शब्बीर व उसके साथी साहिल के साथ मारपीट की। बीच-बचाव में पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति पर काबू पाया गया। मारपीट के दौरान मोबाइल फोन टूटने तथा हाथ की उंगली, पेट और पीठ में चोट लगने का भी आरोप लगाया गया है।
शाहनेयाज अहमद ने पुलिस अधीक्षक से आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक पुष्टि या बयान सामने नहीं आया है।