आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम के साथ संयुक्त रूप से जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और बंदियों से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
अधिकारियों ने सबसे पहले मुख्य द्वार, सुरक्षा चौकियों एवं सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर निगरानी प्रणाली की स्थिति देखी। इसके बाद बंदी गृह की विभिन्न बैरकों में पहुंचकर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय तथा स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि बंदियों की सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान संदिग्ध वस्तुओं की तलाशी भी कराई गई तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की गई। अधिकारियों ने जेल कर्मियों को निर्देशित किया कि ड्यूटी में सतर्कता बरती जाए और नियमित रूप से बैरकों की चेकिंग की जाए। साथ ही बंदियों के बीच अनुशासन बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को समय रहते रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि कारागार की सुरक्षा व्यवस्था शासन की प्राथमिकता में है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को जेल प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
औचक निरीक्षण से जेल प्रशासन में हड़कंप की स्थिति रही। अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं में सुधार के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।