देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिले में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस विभाग ने बड़े स्तर पर फेरबदल किया है। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के आदेश पर चार निरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है, जिससे अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक कामकाज में तेजी लाई जा सके। इन बदलावों में सरायमीर, सिधारी और क्राइम ब्रांच जैसे अहम थाना क्षेत्रों के प्रभारी निरीक्षकों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, निरीक्षक निहार नंदन कुमार, जो प्रभारी निरीक्षक सरायमीर के पद पर तैनात थे, उन्हें क्राइम ब्रांच में स्थानांतरित किया गया है। वहीं, पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे को प्रभारी निरीक्षक सरायमीर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा, निरीक्षक कमलेश कुमार, जो अभिसूचना थाना सिधारी में तैनात थे, उन्हें क्राइम ब्रांच में भेजा गया है। जबकि क्राइम ब्रांच में कार्यरत निरीक्षक रूद्रभान पांडेय को निरीक्षक अभिसूचना थाना सिधारी में स्थानांतरित किया गया है।