देवल संवाददाता, आज़मगढ़। जिले के थाना गम्भीरपुर क्षेत्र में सोमवार तड़के पुलिस और एटीएम ठगी करने वाले अंतर्जनपदीय बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से अवैध तमंचा, कारतूस, एटीएम कैश टैपिंग उपकरण, कार और नकदी बरामद की गई। पकड़ा गया अभियुक्त एटीएम से कैश टैपिंग के जरिए ठगी करने वाले गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है।
बीते 29 जनवरी को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा रानीपुर रजमो के शाखा प्रबंधक धीरेन्द्र प्रताप पाण्डेय द्वारा थाना गम्भीरपुर में तहरीर दी गई थी कि चार जनवरी को एक खाताधारक द्वारा एटीएम से ₹20,000 की निकासी विफल होने की शिकायत मिली थी। बैंक द्वारा नगद मिलान करने पर मशीन में कोई अतिरिक्त राशि नहीं पाई गई।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम के कैश डिस्पेंसर पर अवैध रूप से स्कीमिंग/कैश टैपिंग डिवाइस लगाकर नकदी को मशीन के मुहाने पर फंसा दिया था, जिसे बाद में हटाकर निकाल लिया गया। इस संबंध में थाना गम्भीरपुर पर मुकदमा दर्ज किया गया।
सोमवार को थाना गम्भीरपुर पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एटीएम ठगी और चोरी की घटनाओं में शामिल अभियुक्त अर्टिगा कार से ठेकमा बाजार होते हुए रोहुआ तिराहा के रास्ते आजमगढ़ की ओर जा रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने रोहुआ मुस्तफाबाद के पास घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त संजय कुमार के बाएं पैर में गोली लग गई। जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संजय कुमार पुत्र मेवालाल, निवासी ग्राम पौधन रामपुर, थाना अखंडनगर, जनपद सुल्तानपुर ) के रूप में हुई है। मुठभेड़ के बाद अभियुक्त के पास से एक अवैध देशी तमंचा, कारतूस, अर्टिगा कार एटीएम कैश टैपिंग के उपकरणतीन एटीएम कार्ड, एक मोबाइल फोन तथा ₹2530 नगद बरामद किए गए।
पुलिस की पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर संगठित तरीके से एटीएम मशीनों को निशाना बनाता था। गिरोह पहले कैश डिस्पेंसर पर स्ट्रिप लगाकर नकदी फंसा देता था, फिर कुछ समय बाद लौटकर फंसी हुई रकम निकाल लेता था। ठगी की रकम आपस में बराबर बांट ली जाती थी। इसी तरीके से आजमगढ़ समेत अन्य जिलों में कई घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है।