देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिले में अपराध नियंत्रण और लोक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मेंहनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गैंगस्टर एक्ट में वांछित एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जो गोवंशीय पशुओं की अवैध तस्करी से जुड़े संगठित गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है।
थाना मेंहनगर के प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह अपनी टीम के साथ सोमवार को क्षेत्र भ्रमण व संदिग्ध चेकिंग के दौरान सिंहपुर बाजार में मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि धर्मेन्द्र गुप्ता उर्फ बेचू पुत्र दीपचन्द गुप्ता, निवासी सरायभादी थाना तरवां, जनपद आजमगढ़, गैंगेस्टर एक्ट में वांछित है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उटनी मोड़ गोपालपुर से को हिरासत में ले लिया।
यह गिरोह सोनू उर्फ जावेद पुत्र जहीर निवासी फत्तेपुर थाना मेंहनगर के नेतृत्व में सक्रिय है, जो अपने साथियों धर्मेन्द्र उर्फ बेचू, बुद्धु उर्फ फैजान, पप्पू उर्फ अली अहमद, आरिफ व राजकुमार के साथ मिलकर गोवंशीय पशुओं को अवैध रूप से बिहार प्रांत ले जाकर आर्थिक लाभ अर्जित करता था। गिरोह की गतिविधियों से क्षेत्र में भय और आतंक का माहौल बना हुआ था, जिससे लोग मुकदमा दर्ज कराने से भी डरते थे।
पूर्व में 11 मार्च 2024 को ग्राम शिवरामपुर से एक अशोक लीलैंड पिकअप वाहन से क्रूरतापूर्वक बंधे गोवंशीय पशु बरामद हुए थे, जिस पर मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं 22 मार्च 2024 को भी एक मुकदमा पंजीकृत हुआ। दोनों मामलों में विवेचना के बाद आरोप पत्र न्यायालय भेजे जा चुके हैं।
गिरोह की संगठित आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए गैंगचार्ट तैयार कर जिलाधिकारी आजमगढ़ से अनुमोदन प्राप्त किया गया, जिसके बाद उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त धर्मेन्द्र गुप्ता उर्फ बेचू का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके खिलाफ तरवां व मेंहनगर थानों में रंगदारी, पशु तस्करी, आर्म्स एक्ट सहित कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया है।